दोहा. सिडनी से लंदन तक नॉन-स्टॉप फ्लाइट का प्लान अब हकीकत बनने के लिए तैयार है। यह फ्लाइट करीब 20 घंटे में 16 हजार 983 किमी की दूरी तय करेगी। इसमें यात्रियों के लिए जिम की सुविधा भी मुहैया कराई जा सकती है। इस उड़ान के लिए दुनिया की टॉप हवाई जहाज निर्माता कंपनियों ने ऑस्ट्रेलिया की क्वांटास एयरवेज मैनेजमेंट से बातचीत शुरू कर दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर सिडनी से लंदन की नॉन-स्टॉप फ्लाइट शुरू होती है तो यह दुनिया की सबसे लंबी उड़ान सेवा होगी।
एक साल पहले क्वांटास एयरवेज के सीईओ एलन जॉएस ने हवाई जहाज निर्माता कंपनियों को सिडनी से लंदन या न्यूयॉर्क तक सीधी उड़ान भरने में सक्षम विमान बनाने के लिए बोइंग और एयरबस को चुनौती दी थी। एलन ने बताया कि निर्माताओं ने सफलतापूर्वक ऐसा प्लेन तैयार कर लिया है।
केबिन में कई सुविधाएं देने की भी योजना : एलन के मुताबिक, किसी भी साधारण उड़ान की तरह इस एयरक्राफ्ट में 300 यात्री अपने सामान के साथ सफर कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सिडनी से लंदन को जोड़ने वाला यह विमान 2022 में पहली उड़ान भरेगा। अगर उड़ान कामयाब होती है तो अमेरिका, यूरोप और अफ्रीका के प्रमुख शहरों को सीधे ऑस्ट्रेलिया से जोड़ा जाएगा। क्वांटास एयरवेज और विमान निर्माता लंबी दूरी के विमानों के केबिन में बदलाव पर भी विचार कर रहे हैं। जॉएस ने बताया कि केबिन में व्यायाम, बार, बच्चों का क्रेच, सोने के लिए बर्थ आदि बनाने की प्लानिंग है। इसके लिए बोइंग और एयरबस लगातार कोशिश कर रहे हैं।
1935 में ऑस्ट्रेलिया से लंदन साढ़े 12 दिन में पहुंचा था विमान: अप्रैल 2018 में एयरबस ने हैमबर्ग में आयोजित प्रदर्शनी में ऐसे स्लीपिंग मॉड्यूल पेश किए थे, जिनके स्लॉट एयरक्राफ्ट के कार्गो में बनाए गए थे। कंपनी के मुताबिक, 2020 से यात्रियों को विमानों में स्लीपिंग बर्थ की सुविधा मिलेगी। जॉएस ने बताया कि 1935 में ऑस्ट्रेलिया से लंदन पहली बार फ्लाइट गई थी। यह विमान साढ़े 12 दिन में अपने गंतव्य तक पहुंचा और 30 जगह रुका था। वहीं, क्वांटास एयरवेज ने मार्च में पर्थ और लंदन के बीच उड़ान शुरू की, जो ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के बीच पहला डायरेक्ट लिंक है। कंटास के अलावा अल्टा-लॉन्ग फ्लाइट्स, सिंगापुर एयरलाइंस भी अक्टूबर तक न्यूयॉर्क की नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स दोबारा शुरू कर सकते हैं।
दुनिया की अब तक सबसे लंबी फ्लाइट्स
शहर | दूरी | समय |
दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को | 15,140 किमी | 16 घंटे |
दोहा से ऑकलैंड | 14,539 किमी | 17.3 घंटे |
दुबई से ऑकलैंड | 14,200 किमी | 17 घंटे |
लास एंजिल्स से सिंगापुर | 14,114 किमी | 17.55 घंटे |
डलास से सिडनी | 13,799 किमी | 17.1 घंटे |