बुडापेस्ट. रोमानिया के एक अर्थशास्त्री स्टीफन मेंडल ने 14 बार लॉटरी जीत ली। स्टीफन का लॉटरी जीतना महज इत्तेफाक नहीं था। इसके लिए उन्होंने गणितीय सिद्धांतों को आधार बनाया। लॉटरी जीतने के लिए स्टीफन ने एल्गोरिथ्म पर आधारित एक फॉर्मूला बनाया जिसे कॉम्बिनेशनल कंडेंसेशन नाम दिया। इसकी मदद से वे लॉटरी के लिए पांच से छह विनिंग नंबर निकालने में कामयाब हो जाते थे।
स्टीफन ने अपने 58 साल के करियर में रोमानिया,ऑस्ट्रेलिया, इजरायल, ब्रिटेन और अमेरिका में लॉटरी खरीदी और जीती भीं। इस क्षेत्र में मिली कामयाबी से वे लोकप्रिय भी हुए। कुछ लोगों ने उनके साथ लॉटरी में पैसा निवेश करने का प्रस्ताव दिया। उन्हें यह आइडिया अच्छा लगा। बाद में उन्होंने इस लेकर कंपनी बनाई और इन्वेस्टर भी जुटाए।
शुरुआत कैसे हुई: 1960 में रोमानिया में कम्युनिस्ट शासन था। देश के हालात ठीक नहीं थे। भूखमरी बढ़ रही थी। लोगों के पास नौकरी नहीं थी। तब स्टीफन युवा थे। नौकरी करते थे, लेकिन इतना पैसा नहीं मिलता था कि वे अपने परिवार (दो बच्चे और पत्नी) का बेहतर तरीके से खर्च उठा सकें। उस वक्त कई लोग अपराध की तरफ मुड़ गए, लेकिन स्टीफन ने ऐसा नहीं किया। इसके बाद ही स्टीफन ने लॉटरी के क्षेत्र में काम करने की योजना बनाई। पहले रोमानिया में किस्मत अाजमाई फिर ऑस्ट्रेलिया चले गए।
लॉटरी जीतने वाला सॉफ्टवेयर बनाया : स्टीफन ने लॉटरी के विनिंग नंबर का कैलकुलेशन करने के लिए एक सॉफ्टवेयर तैयार किया। इसकी मदद से वे संभावित विनिंग नंबर का कॉम्बिनेशन बनाने में कामयाब हो जाते थे। एक सिंगल कॉम्बिनेशन निकालने के लिए वे 30 से ज्यादा कंप्यूटर का इस्तेमाल करते और इस काम के लिए उन्होंने 16 कर्मचारियों को नौकरी पर भी रखा। निवेशक जुटाने के लिए स्टीफन ने पैसिफिक फाइनेंशियल रिसोर्सेस नाम की एक कंपनी भी बनाई। स्टीफन का कहना है कि फॉर्मूले की मदद से वह दोस्तों से पैसे लेकर लॉटरी के कई टिकट लेते थे। एक बार लॉटरी जीतने पर करीब 15 हजार पौंड (14 लाख रुपए) की रकम मिलती थी। सारे खर्च निकालने के बाद 3 लाख रुपए बचते थे।
जिब्राल्टर में फेल हो गए: हर बार स्टीफन की किस्मत ने साथ नहीं दिया। जिब्राल्टर में वे लॉटरी सिस्टम बनाने में नाकाम रहे। इजरायल में एक निवेश घोटाले करने के लिए स्टीफन को 20 साल की जेल भी हुई। अमेरिका में लॉटरी जीतने के लिए स्टीफन के फॉर्मूले के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। एक बार स्टीफन ने एक अखबार से कहा था कि मैं गणितीय योग्यता की मदद से जोखिम लेने वाला आदमी हूं और पूरा काम कानून के दायरे में करता हूं।